छपार (मुजफ्फरनगर)। थाना छपार क्षेत्र के गांव बढ़ीवाला में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पोस्टमार्टम कराने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पुलिस जब महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मृतका की मां सहित कई महिलाएं पुलिस की जीप के सामने लेट गईं और शव ले जाने का रास्ता रोक दिया। पुलिस ने मृतका के पिता को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया तो भीड़ ने उन्हें छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की और खींचतान हुई। हंगामे के बीच किसी ने भीड़ में से पुलिस की जीप पर ईंट भी फेंक दी। करीब आधे घंटे तक चले विरोध के बाद पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

चार दिन से खराब थी विवाहिता की तबीयत, शनिवार सुबह हुई मौत

जानकारी के अनुसार, गांव बढ़ीवाला निवासी पूर्व प्रधान समंदर के पुत्र नितिन की शादी 23 जून को पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव गोधना निवासी समंदर की पुत्री अंजलि के साथ हुई थी। शादी के बाद अंजलि अपनी ससुराल बढ़ीवाला में रह रही थी। बताया गया कि करीब चार दिन पहले उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी थी। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे गांव दधेडू में एक निजी चिकित्सक के पास उपचार के लिए ले गए।
पूर्व प्रधान समंदर के अनुसार, अंजलि को प्रतिदिन सुबह चिकित्सक के पास उपचार के लिए ले जाया जाता था और शाम को वापस घर लाया जाता था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर उसके मायके पक्ष के लोग भी गांव बढ़ीवाला पहुंच गए।
अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच पहुंची पुलिस
विवाहिता की मौत के बाद ससुराल और मायके पक्ष के लोग घर पर एकत्र हो गए। परिजनों के अनुसार, दोनों पक्ष अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच पुलिस को महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और अंतिम संस्कार की तैयारी किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और परिजनों से शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा।
पुलिस का कहना था कि महिला की मौत की परिस्थितियों को देखते हुए पोस्टमार्टम कराया जाना जरूरी है, ताकि मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सके। हालांकि, परिजनों ने शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद महिला और पुरुषों ने विरोध शुरू कर दिया।
पिता को अपने साथ ले जाने लगी पुलिस, भीड़ ने छुड़ाया
हंगामे के दौरान पुलिस ने मृतका के पिता को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। पुलिस की इस कार्रवाई का मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध किया। देखते ही देखते भीड़ ने मृतका के पिता को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की और खींचतान की स्थिति बन गई। माहौल लगातार तनावपूर्ण होता चला गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन पोस्टमार्टम कराने का विरोध करते रहे।
मां हुकमदेई महिलाओं के साथ जीप के आगे लेटीं, फेंकी ईंट
जब पुलिस ने शव को जीप में रखकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया तो मृतका की मां हुकमदेई अन्य महिलाओं के साथ पुलिस की गाड़ी के सामने लेट गईं। महिलाओं ने जीप के आगे लेटकर रास्ता रोक दिया और पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और महिलाओं के बीच नोकझोंक भी हुई।
हंगामे के बीच भीड़ में से किसी व्यक्ति ने पुलिस की जीप पर ईंट फेंक दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करीब आधे घंटे तक विरोध और हंगामा चलता रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने में सफल रही।
मृतका के भाई ने पुलिस पर जबरन पोस्टमार्टम कराने का लगाया आरोप
मृतका के भाई सुनील का कहना है कि दोनों पक्ष अंतिम संस्कार के लिए सहमत थे, लेकिन पुलिस जबरदस्ती पोस्टमार्टम कराने पर अड़ी रही। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। फिलहाल विवाहिता की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हत्या की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला की हत्या कर उसके अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने परिजनों को समझाया कि मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जाना जरूरी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

