मुजफ्फरनगर में रफ्तार का कहर: स्कॉर्पियो की टक्कर से हवा में उछली नीलगाय, इलाज के दौरान मौत; क्षतिग्रस्त गाड़ी लेकर फरार हुआ चालक

मुजफ्फरनगर में रफ्तार का कहर: स्कॉर्पियो की टक्कर से हवा में उछली नीलगाय, इलाज के दौरान मौत; क्षतिग्रस्त गाड़ी लेकर फरार हुआ चालक

मुजफ्फरनगर। छपार-तेजलहेड़ा मार्ग पर खिंदड़िया राजबाहे के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नीलगाय की मौत हो गई। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने नीलगाय को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीलगाय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी, जबकि स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक क्षतिग्रस्त वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार रविवार को तेजलहेड़ा की ओर से एक स्कॉर्पियो तेज गति से छपार की तरफ जा रही थी। जैसे ही वाहन खिंदड़िया राजबाहे के पास पहुंचा, उसी दौरान एक नीलगाय सड़क पार करने लगी। अचानक सड़क पर आई नीलगाय को चालक संभाल नहीं सका और वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि नीलगाय उछलकर सड़क पर जा गिरी और उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल नीलगाय की हालत देखकर ग्रामीणों ने उसे बचाने के प्रयास शुरू किए। खिंदड़िया के ग्राम प्रधान अरविंद लंबरदार और प्रताप सिंह ने तत्काल पशु चिकित्सक तथा वन विभाग के कर्मचारियों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर बसेड़ा के पशु चिकित्सक विजय भूषण और वन विभाग के कर्मचारी सोहनवीर सावन मौके पर पहुंचे।

पशु चिकित्सक ने गंभीर रूप से घायल नीलगाय का उपचार शुरू किया। वन विभाग की टीम ने भी उसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। उपचार के दौरान नीलगाय ने दम तोड़ दिया। इसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने नीलगाय के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गए।

हादसे के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के आसपास वन्यजीवों की आवाजाही रहती है और अचानक सड़क पार करते समय इस तरह के हादसे होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित कराने तथा वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के कारण वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वाहन चालकों को सड़क पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, खासकर उन क्षेत्रों में जहां वन्यजीवों की आवाजाही अधिक रहती है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *