मुजफ्फरनगर। जनपद के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम स्ट्रीट लाइट का पोल लगाते समय दर्दनाक हादसा हो गया। भोपा रोड पर विद्युत पोल लगाने का काम कर रहे ठेकेदार के कर्मचारी बंटी हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन, शव को लेकर किया विरोध
घटना की सूचना मिलते ही मृतक बंटी के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध जताया और मुआवजे की मांग की। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और नियमानुसार कार्रवाई तथा मुआवजे को लेकर आश्वासन दिया।

काफी देर तक चली बातचीत के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
चार महीने पहले हुई थी शादी, परिवार में मचा कोहराम
बताया जा रहा है कि मृतक बंटी की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कम उम्र में हुई इस दर्दनाक मौत ने परिवार को गहरा सदमा दिया है।
पोल हाईटेंशन लाइन से टकराने पर हुआ हादसा
नई मंडी क्षेत्र के सीओ सुनील कुमार ने बताया कि मृतक बंटी पुत्र हरिओम, मुस्तफाबाद थाना नई मंडी क्षेत्र का निवासी था। वह स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान स्ट्रीट लाइट का पोल ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से संपर्क में आ गया, जिसके कारण बंटी करंट की चपेट में आ गया और दुर्घटना में उसकी मौत हो गई।
सीओ ने बताया कि घटना के बाद परिजनों में नाराजगी थी। पुलिस ने उन्हें समझाया और कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करने के लिए तैयार किया। पंचायतनामा की कार्रवाई की गई है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
तहरीर के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक परिवार की मांग थी कि पहले पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कराई जाए। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम से संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार की ओर से तहरीर दी जाएगी। तहरीर और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने जाम से किया इनकार, यातायात सामान्य रहने का दावा
सीओ नई मंडी सुनील कुमार ने सड़क पर लंबे जाम की स्थिति से इनकार किया। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान कुछ समय के लिए भीड़ एकत्र हुई थी, लेकिन यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। करीब 10 से 15 मिनट तक प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।
फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। परिजन शव की आगे की कानूनी प्रक्रिया और अंतिम संस्कार के लिए सहमत हो गए हैं। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

