मुजफ्फरनगर में पुरानी रंजिश का खूनी खेल! समझौते के लिए बुलाया, फिर पथराव-फायरिंग से मचा हड़कंप, 4 हिरासत में

मुजफ्फरनगर में पुरानी रंजिश का खूनी खेल! समझौते के लिए बुलाया, फिर पथराव-फायरिंग से मचा हड़कंप, 4 हिरासत में

मोरना (मुजफ्फरनगर)। भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मजलिसपुर तौफीर के मजरे सीताबपुरी में रविवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद खत्म कराने और समझौता कराने के नाम पर एक पक्ष के लोगों को सीताबपुरी बुलाया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट, पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसपी देहात और क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजने के बाद चार लोगों को हिरासत में लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराज नगर निवासी मोहित पुत्र राजेश ने बताया कि पिछले वर्ष उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान मंडावर, बिजनौर निवासी मोहित, शिवम, कार्तिक और सीताबपुरी निवासी जीवन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी।

बताया गया कि इसी पुरानी रंजिश को खत्म करने और आपसी फैसला कराने के नाम पर रविवार दोपहर शिवम, कार्तिक और जीवन ने दूसरे पक्ष के लोगों को सीताबपुरी बुलाया था।

सीताबपुरी पहुंचते ही पथराव और फायरिंग का आरोप

मोहित के मुताबिक मंडावर निवासी मोहित, महाराज नगर निवासी मोहित और नीरज तथा हरिद्वार के बजरीवाला कनखल निवासी सुशांक समझौते के लिए सीताबपुरी पहुंचे थे। आरोप है कि उनके वहां पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक पथराव और फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ मच गई। आरोप है कि हमलावरों ने मोहित और सुशांक को पकड़ लिया और उन्हें एक कमरे में बंद कर उनके साथ मारपीट की। घटना के दौरान फायरिंग होने से आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई।

मारपीट और फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

एसपी देहात और सीओ ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलने पर एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक और क्षेत्राधिकारी लक्ष्मण वर्मा भारी पुलिस बल के साथ सीताबपुरी पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली और दोनों पक्षों से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई।

पुलिस को मौके पर कुछ युवक घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने घायलों को तत्काल भोपा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। उपचार के बाद घायलों को थाने लाया गया और मामले की जानकारी ली गई।

चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ

एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि सीताबपुरी में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

एसपी देहात ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। घटना में शामिल लोगों की भूमिका और फायरिंग से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुरानी रंजिश को लेकर समझौते के लिए बुलाई गई बैठक के दौरान हुए पथराव और फायरिंग की घटना के बाद पुलिस गांव में सतर्कता बरत रही है। अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि विवाद दोबारा न भड़के।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *