मुजफ्फरनगर में नहर से मिला युवक का शव! टहलने निकला था अनीश, मिर्गी का दौरा पड़ने से हादसे की आशंका

मुजफ्फरनगर में नहर से मिला युवक का शव! टहलने निकला था अनीश, मिर्गी का दौरा पड़ने से हादसे की आशंका

मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव बिरालसी स्थित हरनाकी पुलिया के पास शनिवार सुबह नहर में एक युवक का शव तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बिरालसी पुलिस चौकी और चरथावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान अनीश के रूप में हुई, जो मूल रूप से सहारनपुर जनपद के गांव सडोली का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से अपनी बहन के पास बिरालसी में रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनीश बचपन से पोलियो से पीड़ित था। इसके अलावा उसे समय-समय पर मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे। शुक्रवार शाम वह नमाज अदा करने के बाद रोज की तरह नहर की पटरी पर टहलने के लिए निकला था। आशंका है कि इसी दौरान उसे अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा और संतुलन बिगड़ने से वह गहरी नहर में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।

जब देर रात तक अनीश घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। नहर के किनारे उसके जाने के संकेत मिलने पर रात में ही खोजबीन की गई, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद प्रशासन से संपर्क कर गंगनहर का पानी कम कराया गया और खोज अभियान जारी रखा गया।

शनिवार सुबह हरनाकी पुलिया के पास पानी का स्तर कम होने पर अनीश का शव झाड़ियों में फंसा हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया। शव मिलने की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

चरथावल इंस्पेक्टर क्राइम जयकिशोर ने बताया कि परिजनों ने घटना को एक दुखद हादसा बताया है। उन्होंने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने से लिखित रूप से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।

प्रारंभिक जांच में मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और परिजनों के बयान के आधार पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। वहीं अनीश की असमय मौत से परिवार और गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *