मुजफ्फरनगर। जनपद के पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोहाना क्षेत्र में मन्नत होटल के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक से पीछे से इतनी जोर से टकराई कि उसके परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

हरिद्वार से लौट रहे थे दोनों दोस्त
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दिल्ली के घसा क्षेत्र निवासी सतीश (पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सिंह) और दिनेश (पुत्र रामकुमार) के रूप में हुई है। सतीश पेशे से ड्राइवर थे और परिवार में सबसे छोटे व अविवाहित थे, जबकि दिनेश सीआरपीएफ (सीआरपीएफ) में कार्यरत थे और अपने पीछे पत्नी व तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। दोनों दोस्त कार से हरिद्वार घूमने के बाद वापस लौट लौट रहे थे, कि बीती रात जब वे अपनी कार से पानीपत-खटीमा हाईवे पर पहुंचे तो उनकी तेज गति से चल रही कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड गये और दोनों दोस्त लहूलुहान होकर कार में फंसे रह गये, जहां अफरा-तफरी मच गई।

कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलते ही रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटें आने के कारण दोनों की रास्ते में या अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दुखद घटना की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी रोते-बिलखते मुजफ्फरनगर पहुंच गए, जिससे परिवारों में कोहराम मच गया है।
अवैध पार्किंग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
इस भयानक हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि पानीपत-खटीमा हाईवे पर अवैध और गलत तरीके से पार्क किए जाने वाले भारी वाहन लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। कुछ दिन पूर्व भी इसी स्थान पर सड़क किनारे खड़े वाहन के कारण दुर्घटना हुई थी। लोगों ने हाईवे पर नियमित पुलिस व टोल पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य करा दिया गया है।

