मुजफ्फरनगर में खेत से ज्वार लेने गए युवक पर जानलेवा हमला, दिल्ली ले जाते समय मौत; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मुजफ्फरनगर में खेत से ज्वार लेने गए युवक पर जानलेवा हमला, दिल्ली ले जाते समय मौत; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। थाना क्षेत्र के गांव हरसौली में खेत से ज्वार लेने गए 22 वर्षीय युवक पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक खेत में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। परिजन उसे उपचार के लिए पहले मुजफ्फरनगर और फिर मेरठ लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली ले जाते समय रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार हरसौली गांव निवासी शाकिब पुत्र मुस्तकीम सोमवार शाम करीब चार बजे गांव के पास स्थित खेत से ज्वार लेने के लिए गया था। बताया गया कि करीब ढाई घंटे बाद शाम लगभग साढ़े छह बजे ग्रामीणों ने उसके परिजनों को सूचना दी कि शाकिब खेत में गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ है। युवक के घायल मिलने की सूचना से परिवार में हड़कंप मच गया।

बदहवास परिजन तत्काल खेत पर पहुंचे और शाकिब को गंभीर हालत में उपचार के लिए मुजफ्फरनगर के अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत बेहद चिंताजनक होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में उपचार के दौरान भी हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने दिल्ली ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे दिल्ली लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही शाकिब ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजन शव को वापस मुजफ्फरनगर ले आए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कोलकाता रिश्तेदारी में गए मृतक के पिता मुस्तकीम, भाई राकिब और दादी भी सोमवार को मुजफ्फरनगर पहुंच गए। परिजनों ने शाकिब के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान होने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि उसके सिर और छाती पर किसी नुकीले हथियार से कई वार किए गए। परिजनों का कहना है कि युवक के साथ हुई घटना सामान्य मारपीट नहीं बल्कि सुनियोजित हमला प्रतीत होती है और अज्ञात हमलावरों ने उसकी जान लेने के इरादे से हमला किया।

शाकिब तीन भाइयों में मझला था। ग्रामीणों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। शाकिब अपने पिता और भाई के साथ मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। अचानक हुई उसकी मौत से परिवार के सामने भावनात्मक संकट के साथ-साथ आर्थिक परेशानी भी खड़ी हो गई है।

सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जैसे ही शाकिब का शव हरसौली गांव स्थित उसके घर पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर पहुंच गए। पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। गमगीन माहौल के बीच परिजनों ने शाकिब के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।

मामले को लेकर सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की गहनता से जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल युवक की मौत के पीछे की असली वजह और उस पर हमला करने वाले लोगों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की दिशा तय करेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *