मुजफ्फरनगर में कलयुगी पोते ने दादी को पीटकर लूटे सोने के कुंडल, 77 वर्षीय वृद्धा अधमरी हालत में मिली; आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में कलयुगी पोते ने दादी को पीटकर लूटे सोने के कुंडल, 77 वर्षीय वृद्धा अधमरी हालत में मिली; आरोपी गिरफ्तार

मोरना (मुजफ्फरनगर)। भोपा थाना क्षेत्र के गांव रुड़कली तालाब अली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी पोते ने अपनी ही 77 वर्षीय बुजुर्ग दादी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने वृद्धा को बेरहमी से पीटा और उनके कानों से सोने के कुंडल खींचकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल वृद्धा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी पोते को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया।

जानकारी के अनुसार गांव रुड़कली तालाब अली निवासी अरशद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह उनकी 77 वर्षीय मां शकीला अपने सगे भाई मुकर्रम के घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए हमलावर ने कथित रूप से उन्हें दबोचने का प्रयास किया और उनकी आंखों पर कपड़ा बांधने की कोशिश की।

वृद्धा ने जब खुद को बचाने के लिए विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगने से शकीला का सिर पक्की दीवार से जा टकराया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपी ने उनके कानों से सोने के कुंडल खींच लिए और मौके से फरार हो गया।

वृद्धा की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्हें खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में पाया। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही भोपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिवार के लोगों और संदिग्धों से पूछताछ करते हुए घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि वृद्धा पर हमला करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं बल्कि उनका अपना पोता उवैश ही था।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने नशे या आर्थिक लालच के चलते अपनी ही दादी को निशाना बनाया। परिवार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी उवैश के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और लूटे गए सोने के कुंडल बरामद करने के प्रयास में जुटी है। वहीं, अपने ही पोते द्वारा बुजुर्ग दादी के साथ की गई इस हैवानियत की घटना से पूरे गांव में आक्रोश और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *