मुजफ्फरनगर में ईंटों के ढेर के नीचे दबकर मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर भट्टे पर धरना

मुजफ्फरनगर में ईंटों के ढेर के नीचे दबकर मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर भट्टे पर धरना

मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम दधेडू स्थित सैद नगला मार्ग पर संचालित सूर्य ईंट भट्टे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौत हो गई। काम के दौरान ईंटों का विशाल ढेर अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से 42 वर्षीय मजदूर बबलू पुत्र मांगेराम कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भट्टे पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मथुरा निवासी बबलू कई वर्षों से सूर्य ईंट भट्टे पर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। गुरुवार सुबह वह रोजाना की तरह अपने काम में लगा हुआ था। इसी दौरान अचानक ईंटों का बड़ा ढेर उसके ऊपर गिर गया। साथी मजदूरों ने तत्काल उसे मलबे से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना पर चरथावल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया।

घटना की खबर फैलते ही विभिन्न किसान संगठनों और कश्यप समाज के प्रतिनिधि भी भट्टे पर पहुंच गए। भारतीय किसान यूनियन के एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा, भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के ब्लॉक अध्यक्ष काला प्रधान चौकड़ा समेत कई सामाजिक और किसान नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी।

मृतक के परिजनों और किसान नेताओं ने भट्टा स्वामी से मृतक परिवार को उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा दिए जाने की मांग की। मांग पूरी होने तक परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया, जिसके चलते भट्टे पर धरना शुरू हो गया। कई घंटों तक शव घटनास्थल पर ही रखा रहा और प्रशासन तथा किसान नेताओं के बीच बातचीत का दौर चलता रहा।

मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि मृतक परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और परिवार पूरी तरह मजदूरी पर निर्भर था। ऐसे में प्रशासन और भट्टा प्रबंधन को तत्काल राहत और मुआवजे की व्यवस्था करनी चाहिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *