मुजफ्फरनगर (खतौली)। थाना क्षेत्र के रामनगर तिराहे पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस की चेकिंग के दौरान भैंस चोरी के आरोपियों और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ दिन पहले थाना क्षेत्र में हुई भैंस चोरी की घटना में शामिल आरोपी उसी टाटा मैजिक वाहन से फिर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत चार टीमों का गठन कर घेराबंदी शुरू की।

कुछ ही देर में एक संदिग्ध टाटा मैजिक वाहन आता दिखाई दिया, जिसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे तेजी से खेतों की ओर मोड़ दिया और भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल आरोपी की पहचान सरधना क्षेत्र के निवासी उस्मान पुत्र इसरार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 97,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही घटनास्थल से भैंस चोरी में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में घायल आरोपी उस्मान ने स्वीकार किया है कि चार दिन पूर्व रसूलपुर गांव में हुई भैंस चोरी की वारदात उसी और उसके साथियों द्वारा अंजाम दी गई थी। उसने यह भी बताया कि चोरी की गई भैंसों को इसी वाहन के माध्यम से ले जाया गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपी की पहचान फैजान के रूप में हुई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर सघन तलाश अभियान चलाया जा रहा है। वहीं एक अन्य व्यक्ति नाफिज का नाम भी सामने आया है, जो कथित रूप से पूरे गिरोह की योजना बनाने में शामिल था।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लूट और चोरी समेत कई आपराधिक मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
सीओ ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती पशु चोरी की घटनाओं को देखते हुए चेकिंग अभियान और सख्त किया गया है, और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

