मुजफ्फरनगर पुलिस में भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन, अवैध वसूली के आरोप में सिपाही सस्पेंड

मुजफ्फरनगर पुलिस में भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन, अवैध वसूली के आरोप में सिपाही सस्पेंड

मुजफ्फरनगर। जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक गंभीर मामला सामने आने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है। रतनपुरी थाने में तैनात एक सिपाही पर पशु पैठ ठेकेदार से अवैध वसूली और मासिक “मंथली” मांगने के आरोप लगे हैं। इस मामले का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है।

सूत्रों के अनुसार, करीब 3 मिनट 17 सेकंड की इस ऑडियो क्लिप में सिपाही द्वारा ठेकेदार पर दबाव बनाते हुए पैठ चलाने के बदले हर महीने रकम देने की बात कही जा रही है। ऑडियो में कथित तौर पर यह भी सुनाई देता है कि “ऊपर तक हिस्सा जाता है”, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

जैसे ही यह ऑडियो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित आरक्षी को निलंबित कर दिया और पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए।

इस प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी बुढाना को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि सिपाही के दावों में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं है। यदि किसी स्तर पर संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है और “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत ऐसी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्दी की आड़ में जनता के शोषण या अवैध वसूली के मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी और दोष सिद्ध होने पर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई संभव है।

फिलहाल मामला विभागीय जांच के अधीन है और पूरे प्रकरण ने पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *