मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए रविवार देर रात 14 आईएएस और 34 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में मुजफ्फरनगर के नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ का स्थानांतरण कर उन्हें प्रोन्नति देते हुए देवरिया का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है।

उनके स्थान पर बुलंदशहर में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात दीपक कुमार पाल को मुजफ्फरनगर का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। तबादला आदेश के बाद अब दीपक कुमार पाल मुजफ्फरनगर में नगर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी संभालेंगे।

शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), अपर जिलाधिकारी (एडीएम) और नगर मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। शासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर पदभार ग्रहण करना होगा।
सहारनपुर सीडीओ भी बदले
तबादला सूची के अनुसार सहारनपुर के मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन को उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है। उनके स्थान पर राज्य कर विभाग में अपर आयुक्त के पद पर तैनात डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है।
वहीं सहारनपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अलीगढ़ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है।
इनके भी बदले कार्यक्षेत्र
प्रशासनिक फेरबदल के तहत चिकित्सा शिक्षा विभाग की महानिदेशक एवं सचिव नेहा शर्मा को सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग के पद से अवमुक्त किया गया है।
इसके अलावा अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। शासन के इस व्यापक फेरबदल के बाद कई जिलों में प्रशासनिक स्तर पर नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

