मोरना (मुजफ्फरनगर)। ब्लॉक परिसर स्थित प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यालय में काम कर रहे एक कर्मचारी को फाइलों के पीछे छिपे सांप ने डस लिया। घटना के बाद कर्मचारियों में दहशत फैल गई। साथी कर्मचारी तत्काल उसे भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

टिफिन रखने के दौरान सांप ने मारा डंक
भोपा थाना क्षेत्र के गांव भेड़ाहेड़ी निवासी अमित कुमार मोरना स्थित प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति में सहायक के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह रोजाना की तरह ड्यूटी पर पहुंचे थे।

बताया गया कि अमित कुमार अपना टिफिन अलमारी में रखने लगे। इसी दौरान फाइलों के पीछे छिपे सांप ने अचानक उनके हाथ पर डस लिया। अमित के चीखने पर कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारी दौड़कर मौके पर पहुंचे। अलमारी के पास सांप दिखाई देने के बाद पूरे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
एंटी-वेनम देकर जिला अस्पताल रेफर
साथी कर्मचारी अमित कुमार को तत्काल भोपा सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि मरीज को तत्काल एंटी-वेनम का डोज दिया गया। इसके बाद एहतियातन बेहतर उपचार और निगरानी के लिए उन्हें मुजफ्फरनगर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक उपचार मिलने के बाद अमित कुमार की हालत स्थिर बनी हुई है।
वन विभाग की टीम ने चलाया तलाशी अभियान
सोसायटी कार्यालय में सांप के मौजूद होने की सूचना पर प्रबंधन ने तत्काल वन विभाग को जानकारी दी। सूचना मिलते ही मोरना रेंज के क्षेत्राधिकारी रविकांत के निर्देशन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने कार्यालय की अलमारियों, फाइलों के रैक और आसपास के कमरों में काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सांप का पता नहीं चल सका।
क्षेत्राधिकारी रविकांत ने बताया कि वन विभाग की टीम अलर्ट पर है। सांप की तलाश कर उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा। घटना के बाद समिति कर्मचारियों में अभी भी सांप को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।

