मीरापुर। क्षेत्र में सऊदी अरब की विदेशी मुद्रा रियाल सस्ते दामों में बदलने का झांसा देकर बिजनौर निवासी एक युवक से तीन लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात युवक ने रियाल देने के नाम पर पीड़ित से तीन लाख रुपये नकद ले लिए और बदले में रियाल की जगह रद्दी कागजों से भरा बैग थमा दिया। आरोपी के मौके से फरार होने के बाद पीड़ित ने बैग खोलकर देखा तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

फोन पर हुई थी रियाल बदलने को लेकर बातचीत

जानकारी के अनुसार बिजनौर के मोहल्ला रागरान घंटाघर निवासी मौ. इमरान पुत्र मौ. शहजाद की पिछले कुछ दिनों से एक अज्ञात युवक से सऊदी रियाल बदलने को लेकर फोन पर बातचीत चल रही थी। आरोपी ने कथित तौर पर इमरान को रियाल सस्ते दामों में उपलब्ध कराने का झांसा दिया। बातचीत के बाद मंगलवार दोपहर सौदा तय करने के लिए आरोपी ने इमरान को मीरापुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास बुलाया।
बताया गया कि इमरान तय स्थान पर पहुंचा तो आरोपी युवक वहां मौजूद था। आरोप है कि बातचीत के बाद इमरान ने आरोपी को तीन लाख रुपये की नकदी दे दी। इसके बदले आरोपी ने एक बैग इमरान को सौंपते हुए दावा किया कि उसमें सऊदी रियाल रखे हुए हैं।
बैग थमाकर आरोपी हुआ फरार
तीन लाख रुपये लेने के बाद आरोपी युवक बैग इमरान को देकर वहां से खिसक गया। आरोपी के जाने के बाद इमरान को कुछ संदेह हुआ। उसने बैग की जिप खोलकर अंदर देखा तो उसमें सऊदी रियाल के बजाय रद्दी कागज के टुकड़े भरे हुए थे।
बैग में रियाल नहीं मिलने पर इमरान को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। इसके बाद उसने तत्काल डायल एक सौ बारह पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की पहचान और उसे पकड़ने के लिए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर छानबीन कर रही है। बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा हो सकती है।
थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। फिलहाल पीड़ित की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि लिखित शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

