मीरजापुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं: सजावट के दौरान करंट लगने से 18 वर्षीय युवक की मौत

मीरजापुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं: सजावट के दौरान करंट लगने से 18 वर्षीय युवक की मौत

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में शादी समारोह की खुशियों के बीच गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने मातम फैला दिया। बिजली की सजावट का काम कर रहे 18 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद जहां शादी वाले घर की खुशियां फीकी पड़ गईं, वहीं मृतक के गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

चील्ह थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव निवासी अभिषेक प्रसाद (18) पुत्र प्रदीप प्रसाद, चील्ह गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में बिजली की सजावट और कनेक्शन लगाने का कार्य करने गया था। इसी दौरान अचानक वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस कर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में अभिषेक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था। जवान बेटे की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मझिगवां गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। सूचना मिलते ही चील्ह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

थानाध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई अंकित कुमार की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। एक पल पहले जहां शादी की तैयारियों में रोशनी सजाई जा रही थी, वहीं अगले ही पल एक परिवार का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया। इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *