मीरजापुर में युवक का संदिग्ध हालात में शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मीरजापुर में युवक का संदिग्ध हालात में शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत गंगहरा खुर्द माइनर के पास बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चोट और जलने के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया बिजली के करंट से मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुट गई है।

लहंगपुर निवासी सूर्यबली का इकलौता पुत्र किशन कुमार (21) का शव गंगहरा खुर्द गांव स्थित पावर हाउस और नहर के समीप पड़ा मिला। बुधवार सुबह शौच के लिए निकले उसके चाचा रामनरेश की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने परिजन और ग्रामीणों को सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

परिजन के अनुसार किशन लहंगपुर बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करता था। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह घर आया था। कुछ देर बाद वह बाहर निकला और वापस नहीं लौटा। परिजन ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसी दौरान आंधी और बारिश भी शुरू हो गई थी।

मृतक के शरीर पर कई संदिग्ध निशान पाए गए हैं। उसके पैर में करंट से जलने जैसा निशान दिखाई दिया, जबकि सिर और पीठ पर चोट के निशान भी मिले हैं। परिजनों का आरोप है कि किशन की हत्या कर शव को घटनास्थल पर फेंका गया है।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह, लहंगपुर चौकी प्रभारी सुजीत कुमार सेठ तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। बाद में एडिशनल एसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा एवं क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजन से जानकारी ली।

मृतक के चाचा रामनरेश की तहरीर पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बिजली करंट से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। वहीं क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर ने कहा कि युवक के पैर में विद्युत शॉर्ट सर्किट से जलने के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि युवक शांत स्वभाव का था और उसकी किसी से कोई रंजिश सामने नहीं आई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *