मीरजापुर में दर्दनाक हादसा! बाइक और साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत, उपचार के दौरान 60 वर्षीय की मौत

मीरजापुर में दर्दनाक हादसा! बाइक और साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत, उपचार के दौरान 60 वर्षीय की मौत

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में हलिया-ड्रमंडगंज मार्ग पर हथेड़ा गांव के पास बुधवार दोपहर बाइक और साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत में घायल साइकिल सवार की वाराणसी ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई।

हथेड़ा गांव निवासी सियाराम कोल (60) बुधवार को बाजार से साइकिल लेकर घर लौट रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही सियाराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचाया।

पीएचसी में प्रभारी चिकित्साधिकारी अवधेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर मीरजापुर रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया। देर रात उपचार के दौरान सियाराम ने दम तोड़ दिया। सियाराम की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गए हैं। वह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। ग्राम प्रधान अनीता मिश्रा ने बताया कि हादसे में घायल सियाराम की वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *