मीरजापुर में तेज रफ्तार एक्सयूवी ट्रक में घुसी, चालक की मौत; तीन साथी घायल

मीरजापुर में तेज रफ्तार एक्सयूवी ट्रक में घुसी, चालक की मौत; तीन साथी घायल

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के पड़री थाना क्षेत्र के वाराणसी हाईवे पर कपसौर गांव के सामने गुरुवार सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार एक्सयूवी आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में एक्सयूवी चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चौरहटा थाना क्षेत्र के किटवरिया गांव निवासी अखिल तिवारी (36) पुत्र रामायण प्रसाद अपने साथी साहिल (26), कृष्ण मुरारी मिश्रा (30) पुत्र उमेश मिश्रा निवासी केवरी, थाना गढ़ और शुभांशु पांडेय (26) पुत्र प्रकाश पांडेय निवासी गायत्री नगर, रीवा के साथ वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने गए थे। दर्शन के बाद चारों एक्सयूवी से रीवा लौट रहे थे।

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कपसौर गांव के सामने सर्विस रोड से एक ट्रक हाईवे पर आ रहा था। इसी दौरान एक्सयूवी ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री पहुंचाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने जांच के बाद अखिल तिवारी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल साहिल को प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। कृष्ण मुरारी मिश्रा और शुभांशु पांडेय को मामूली चोटें आईं।

हादसे की जानकारी परिजन को दी गई। अखिल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने आगे बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *