मीरजापुर में ट्रैक्टर-कार की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल, एक वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर

मीरजापुर में ट्रैक्टर-कार की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल, एक वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और कार के बीच आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है।

रविवार सुबह करीब 11 बजे छड़ लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली चकिया की ओर से अहरौरा की तरफ आ रहा था। उसी दौरान एक कार अहरौरा से चकिया की ओर जा रही थी। अहरौरा-चकिया मार्ग पर खाजगीपुर गांव के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार राकेश कुमार (30) समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर व कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। इसके बाद मार्ग पर यातायात को सामान्य कराया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि दुर्घटना में घायल लोग उपचार के लिए निजी चिकित्सालय चले गए थे। घायल राकेश कुमार को गंभीर चोटें आने के कारण ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर किए जाने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *