मीरजापुर के निर्माणाधीन पावर प्लांट में हड़कंप! DNR कंपनी मालिक की अचानक मौत, तबीयत बिगड़ने के बाद गिर पड़े

मीरजापुर के निर्माणाधीन पावर प्लांट में हड़कंप! DNR कंपनी मालिक की अचानक मौत, तबीयत बिगड़ने के बाद गिर पड़े

मीरजापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र के ददरी स्थित निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट परिसर में रविवार सुबह डीएनआर कंपनी के मालिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद वह अचेत होकर गिर पड़े। कर्मचारियों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

असम निवासी 45 वर्षीय मधुकर ददरी में निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट में बतौर कॉन्ट्रैक्टर काम कर रहे थे। उनकी कंपनी डीएनआर द्वारा प्लांट परिसर में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। रविवार सुबह करीब नौ बजे मधुकर कंपनी परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह अचेत होकर गिर पड़े। यह देख मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी आनन-फानन में उन्हें लेकर सीएचसी मड़िहान पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मड़िहान थाना पुलिस सीएचसी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रविन्द्र भूषण मौर्य ने बताया कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने मृतक के परिजन को घटना की सूचना दे दी है और आगे की कार्रवाई में जुटी है। कंपनी मालिक की अचानक हुई मौत से निर्माणाधीन प्लांट में काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में शोक के साथ दहशत का माहौल है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *