मिर्जापुर में कुएं में मिला अधेड़ का शव, सोते समय गिरने की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

मिर्जापुर में कुएं में मिला अधेड़ का शव, सोते समय गिरने की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

मीरजापुर। जमालपुर थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में मंगलवार सुबह घर के कुएं में 50 वर्षीय अधेड़ का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान राम निरंजन मिश्र उर्फ पप्पू मिश्रा के रूप में हुई है। वह पेशे से चार पहिया वाहन चालक थे और महाराष्ट्र से महिंद्रा कंपनी की नई गाड़ियों को विभिन्न शहरों की एजेंसियों तक पहुंचाने का कार्य करते थे। बताया गया कि वह कुछ दिन पहले ही महाराष्ट्र से अपने गांव लौटे थे।

ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार रात रामनिरंजन घर के सामने स्थित कुएं के पास पत्थर पर कंबल बिछाकर सोए थे। मंगलवार सुबह उनका शव कुएं में उतराता मिला, जिसके बाद परिजन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मृतक पांच भाइयों में सबसे बड़े थे।

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि रात में सोते समय करवट बदलने पर रामनिरंजन कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *