नकुड़। नगर के मौहल्ला सुजातपुरा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियो में मौत हो गयी। मृतका के भाई ने कोतवाली मे तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। नकुड़ के मौहल्ला सुजातपुरा में फारूख अपने परिवार को साथ रहता है। सोमवार को सुबह फारूख के मकान में कोहराम मचा था। थानाभवन के भैसानी निवासी आरिफ ने कोतवाली पुलिस को बताया कि उसकी बहन साजदा की हत्या कर दी गई है। आरिफ के इस आरोप के बाद जहां कोतवाली मे हड़कम्प मच गया, वहीं आस-पास मौहल्ले में भी सनसनी फैल गयी। बड़ी संख्या में लोग फारूख के मकान पर एकत्रित हो गये। आनन-फानन में कोतवाली पुलिस भी मौके पर पंहुच गयी। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर उसे कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर आरोपी को भी पूछताछ के लिये हिरासत में ले लिया। मृतका के भाई आरिफ ने पुलिस को बताया कि साजिदा की शादी करीब सोलह वर्ष पूर्व फारूख के साथ हुई थी। उसके चार बच्चे भी है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने कुछ दिन पूर्व एक अन्य लड़की से निकाह किया है,जिसका साजदा ने विरोध किया था। आरिफ का दावा है कि साजदा ने बीती रात उसे फोन करके फारूख पर जबरन चार गोली खिलाने का आरोप लगाया था। सुबह एक अज्ञात महिला ने उसे फोन पर साजदा की मौत की सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी फारूख का कहना है कि साजदा की रात में तबियत खराब हो गयी थी,उसने उसे कुछ दवाऐ भी दी। आराम न होने पर वह उसे लेकर चिकित्सक के पास गया। चिकित्सक ने उसे सहारनपुर जाने की सलाह दी तो वह उसे सहारनपुर ले गया। जहां साजदा ने दम तोड़ दिया। वह अपने आप को निर्दोष बता रहा है।

