मशहूर गायक केके का निधन, कॉन्सर्ट के दौरान तबीयत बिगड़ी

मशहूर गायक केके का निधन, कॉन्सर्ट के दौरान तबीयत बिगड़ी

कोलकाता। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कृष्णकुमार कुन्नथ (केके) का मंगलवार को निधन हो गया। वह कोलकाता में एक लाइव शो में परफॉर्म कर रहे थे कि तभी उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शो के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
केके मंगलवार को कोलकाता के विवेकानंद कॉलेज के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। शो में वह हमेशा की तरह शानदार तरीके से परफॉर्म कर रहे थे, लेकिन इसी बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें आनन-फानन में कलकत्ता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएमआरआई) में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने करीब 9:30 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक, केके को दिल का दौरा पड़ा था। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए जाने की भी जानकारी दी।
वह महज 54 साल के थे। केके का जन्म 23 अगस्त, 1970 में केरल के त्रिशूर में हुआ था। अपने सिंगिंग करियर में केके ने सिर्फ हिंदी में ही 200 से अधिक गाने गाए हैं। इसके अलावा, उन्होंने तमिल, तेलुगू, मलयालम, कन्नड़, मराठी, बंगाली और गुजराती में भी कई गीत गाए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने कई विज्ञापनों के जिंगल को भी अपनी आवाज दी हैं। केके अपनी सुरीली आवाज और रोमांटिक अंदाज के लिए जाने जाते थे। 90 के दशक में ‘यारो’ गाने से उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई थी।
अपने करियर में उन्होंने कई बेहतरीन गानों को अपनी आवाज दी, जिनमें तड़प-तड़प (हम दिल दे चुके सनम), कोई कहे कहता रहे (दिल चाहता है), ओ हमदम सुनियो रे (साथिया), ओ जाना (तेरे नाम), चले जैसे हवाएं (मैं हूं ना), आशाएं (इकबाल) जैसे कई शामिल हैं।
उनके निधन पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है। श्री मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ”केके के नाम से मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नथ के असामयिक निधन से दुखी हूं। उनके गीतों में हर तरह के भावनाओं की झलक मिली है, जो हर आयु वर्ग के लोगों के साथ जुड़ा हुआ है। हम उन्हें उनके गानों के जरिए हमेशा याद रखेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।”
प्रधानमंत्री के अलावा उनके संगीत व फिल्म जगत के कई हस्तियों ने भी उनके निधन पर अपना दुख प्रकट किया है।
गायक अरमान मलिक ने लिखा है, ”बेहद दुखद। हम सभी को हुआ एक और नुकसान। यकीन नहीं आता है कि केके सर अब इस दुनिया में नहीं रहे। ये हो क्या रहा है, अब सहन नहीं हाे रहा।”
गायक राहुल वैद्य ने ट्वीट किया है, ”सिंगर केके ने कभी सिगरेट या शराब नहीं पी। मीडिया और विवादों से दूर रहकर उन्होंने सादगी से अपना जीवन बिताया। वह पूरी तरह से एक फैमिली मैन थे। जब भी मुझे मिले हैं, हमेशा प्यार और विनम्रता से पेश आए हैं। हे ईश्वर, यह नाइंसाफी है। ओम शांति।”
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने लिखा है, ”केके के निधन के बारे में सुनकर बेहद दुखी और हैरान हूं। बहुत बड़ी क्षति है। ओम शांति।”
विशान ददलानी लिखते हैं, ”आंसू नहीं रूक रहे हैं। क्या इंसान थे, क्या आवाज थी, क्या दिल था, बेहतरीन शख्स। केके हमेशा के लिए।”

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *