ममता बनर्जी पर कथित हमले के दावे पर दिलीप घोष का तंज: बोले- अब उन्हें आराम करना चाहिए, जनता क्या चाहती है यह देखें

ममता बनर्जी पर कथित हमले के दावे पर दिलीप घोष का तंज: बोले- अब उन्हें आराम करना चाहिए, जनता क्या चाहती है यह देखें

कोलकाता। राज्य के पंचायत मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कथित हमले के दावों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार सुबह न्यू टाउन में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह खुद ही हमेशा इस तरह के दावे करती हैं। कहां और कैसे उन पर हमला होता है, यह कोई नहीं जानता। अब उन्हें आराम की जरूरत है।

उल्लेखनीय है कि, तृणमूल कांग्रेस की सांसद दोला सेन ने आरोप लगाया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे तन्निष्ठा साहा नाम की एक महिला ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के सामने पहुंची। महिला ने खुद को सिविक वॉलंटियर और ममता बनर्जी की भतीजी बताया। आरोप है कि उसके हाथ में चाकू था और उसने ममता बनर्जी की ओर बढ़ने की कोशिश की। बाद में वह सड़क पर लेट गई। दोला सेन ने महिला के नशे में होने का भी दावा किया।

बुधवार सुबह जब दिलीप घोष से इस बारे में पत्रकारों ने सवाल किया तो उन्होंने कहा- वह (ममता) यह भी नहीं समझ पाईं कि चुनाव में कैसे हार गईं। अब उन्हें आराम करना चाहिए और देखना चाहिए कि जनता क्या चाहती है।”

दोला सेन के मुताबिक, उन्होंने घटना की शिकायत ईमेल के जरिए कालीघाट थाने के प्रभारी से की है। बताया गया है कि आरोपित महिला को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस ने ममता बनर्जी की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। मामले की पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *