‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने सराहा विक्रम-1 लॉन्च, बोले- भारत ने देखा ऐतिहासिक अंतरिक्ष क्षण

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने सराहा विक्रम-1 लॉन्च, बोले- भारत ने देखा ऐतिहासिक अंतरिक्ष क्षण

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विक्रम वन के सफल लॉन्च का जिक्र किया। ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले रविवार को विक्रम वन के सफल लॉन्च से हर देशवासी गौरव से भरा हुआ है। हम सभी भारतीय स्पेस सेक्टर के एतिहासिक क्षण के साक्षी बने हैं। यह प्राइवेट सेक्टर की ओर से विकसित भारत का पहला रॉकेट है। हमारे युवा इनोवेटर्स ने वो कर दिखाया, जिसकी कल्पना तक मुश्किल थी।

उन्होंने गजब की स्किल, पैशन और पेशेंस दिखाया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक हमारा स्पेस सेक्टर निजी क्षेत्र के लिए बंद रहा था। इस सेक्टर में रुचि रखने वाले काफी युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं मिल पा रहा था। युवा हित को देखते हुए हमने स्पेस सेक्टर को प्राइवेट सेक्टर के लिए खोला। आज इसका परिणाम दुनिया देख रही है। हमारे युवा साथी साइंस में भी भारत का मस्तक ऊंचा कर रहे हैं। साइंस ओलंपियाड दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण स्पर्धाओं में से एक है। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी हिस्सा लेते हैं। इस महीने भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान और गणित के ओलंपियाड हुए। पीएम ने कहा कि इन कंपटिशन में भारतीय दल का प्रदर्शन शानदार रहा। भौतिक विज्ञान के ओलंपियाड में हमारे सभी पांच विद्यार्थियों ने गोल्ड मेडल जीता और भारत ने पहली रैंक हासिल की।

पिछले एक दशक में हुए हर फिजिक्स ओलंपियाड ने हमारे देश के विद्यार्थियों ने गोल्ड या सिल्वर मेडल जरूर जीता है। रसायन विज्ञान के ओलंपियाड में भी हमारे सभी विद्यार्थियों ने गोल्ड मेडल जीता। यह अब तक की बेस्ट परफॉर्मेंस रही है। जीव विज्ञान के ओलंपियाड में भी हमारे सभी विद्यार्थियों ने मेडल जीते। इनमें एक गोल्ड मेडल भी शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गणित के ओलंपियाड में हमारे विद्यार्थियों ने दो गोल्ड और चार सिल्वर मेडल्स अपने नाम किए। मुझे देश की युवा शक्ति पर बहुत गर्व है। यह देखकर खुशी होती है कि भारत में ओलंपियाड और हैकथॉन का कल्चर निरंतर बढ़ रहा है। मुझे विश्वास है कि देश के अधिक से अधिक युवा ऐसे माध्यम में अपना इंटरेस्ट दिखाएंगे और भारत का परचम भी लहराएंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *