मध्य प्रदेश के मंडला में सड़क हादसा: तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी, 25 घायल, 11 की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश के मंडला में सड़क हादसा: तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी, 25 घायल, 11 की हालत गंभीर

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में शनिवार तड़के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर तीर्थयात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 25 यात्री घायल हो गए, जिनमें 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक बस में करीब 50 श्रद्धालु सवार थे, जो छत्तीसगढ़ के दुर्ग से उत्तर प्रदेश स्थित वृंदावन धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे मोइयानाला के पास बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे पलट गई। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अंदर फंसे यात्री मदद के लिए चीखने लगे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने 11 यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे के बाद सुरक्षित बचे यात्रियों को नजदीकी राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में ठहराया गया है। प्रशासन की ओर से उनके भोजन, पेयजल और विश्राम की व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रशासन ने घायलों के उपचार और यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *