मतदाता सूची में एक भी पात्र नागरिक न छूटे, युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर: निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी

मतदाता सूची में एक भी पात्र नागरिक न छूटे, युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर: निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी

मीरजापुर। भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त विवेक जोशी ने शुक्रवार को अष्टभुजा निरीक्षण गृह के सभागार में निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची शुद्ध और त्रुटिरहित बनाई जाए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहने पाए।

बैठक में आयुक्त ने कहा कि महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और छात्रावासों में शिविर लगाकर युवाओं से फार्म-6 भरवाएं और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं। भर्ती रैलियों में भी ऐसे अभियान चलाए जाएं। जिन विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर पात्र महिलाओं का पंजीकरण कराया जाए। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का भी सहयोग लेने को कहा।

उन्होंने मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक रूप से पहुंचाने तथा फार्म-8 से जुड़े संशोधन कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में बीएलओ की महत्वपूर्ण भूमिका है।

आयुक्त ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन कार्मिकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता न हों। मतदान केंद्रों पर कार्मिकों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। संवेदनशील बूथों की पहचान और कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की।

बैठक में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, डीएम पवन कुमार गंगवार, एसपी अपर्णा रजत कौशिक समेत निर्वाचन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *