मंगेतर के सामने लड़की से छेड़खानी कर वीडियो बनाने वालों की गुम हुई हेकड़ी, घर पर बुलडोजर पहुंचते ही थाने पर सरेंडर

प्रयागराज के मऊआइमा इलाके में मंगेतर के सामने एक लड़की से छेड़खानी और अश्लील हरकतें करते हुए वीडियो बनाने और वायरल करने वाले दबंगों की हेकड़ी पल भर में गुम हो गई। घर पर बुलडोजर पहुंचते ही आरोपियों ने सरेंडर कर दिया। मामले में तीन युवक आरोपित बनाए गए हैं। वायरल वीडियो की लखनऊ तक गूंज पहुंच चुकी है।

पुलिस, शुक्रवार को आरोपितों के घर बुलडोजर लेकर पहुंची। काफी संख्या में पुलिस और बुलडोजर गांव पहुंचा तो आरोपितों के घरवाले सकते में आ गए। पुलिस ने कार्रवाई शुरू भी कराई। बुलडोजर से एक आरोपित के घर की दीवार को खरोंच ही लगी थी कि खबर आई कि आरोपित माशूक ने थाने पहुंच सरेंडर कर दिया है।

इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपित जिकरिया के घर की ओर बुलडोजर मोड़ दिया। आरोपित के घरवाले बौखला कर इधर उधर भागने लगे। अंत में जिकरिया से फोन पर पुलिस की बात कराई गई। उसने पुलिस से कहा कि वह रात में थाने में हाजिर हो जाएगा। ऐसा ही कुछ तीसरे आरोपित वसीक के साथ हुआ।

आरोपित वसीक के घरवालों ने भी किसी प्रकार उससे संपर्क साधा। फोन पर बात में वसीक ने बताया कि वह पुणे भाग आया है। वापस आकर सरेंडर कर देगा। इसके बाद फोर्स बुलडोजर लेकर थाने लौट गई। तीनों आरोपित सिसई सिपाह गांव के पड़ोसी हैं। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि वीडियो संज्ञान में लेकर ही मामला दर्ज कर आरोपितों का पता लगाया गया है। मामले में बहुत ही सख्त कार्रवाई की जा रही है।

मंगेतर के सामने युवती से की थी छेड़खानी

सोशल मीडिया पर बुधवार को एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें एक युवती से दो युवक छेड़खानी करते नजर आ रहे थे। तीसरा युवक वीडियो बना रहा था। वीडियो में छेड़खानी से डरी सहमी युवती गिड़गिड़ा रही थी। अपना चेहरा छिपा रही थी। दुपट्टा संभाल रही थी। हाथ जोड़कर युवकों से गुजारिश कर रही थी कि उसे जाने दिया जाए। यह सब कुछ उसके मंगेतर के सामने हो रहा था।

बाद में यह वीडियो पुलिस अधिकारियों को भेजा गया। चर्चा फैली कि वीडियो मऊआइमा क्षेत्र का है। इसके बाद एडीजी और एसएसपी ने संज्ञान लेकर जांच शुरू कराई। मऊआइमा पुलिस ने जांच की तो तीनों आरोपित सिसई सिपाह गांव के निकले। जिकारिया, माशूक और वसीक के खिलाफ पुलिस ने अपनी ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *