भोले बाबा की कांवड लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचे ढाई फुट के हनुमान, देख दीवाने हुए लोग, देखें वीडियो

मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा इस समय चरम पर है। कांवड़ यात्रा के चलते विभिन्न हाईवे भगवामय हो चुके हैं। गंगोत्री और हरिद्वार से लेकर देश के विभिन्न मार्गों पर इस समय शिव भक्त कावड़ियों के बम-बम के जयकारे गूंज रहे हैं। कावड़िये गंगाजल के साथ अनेक प्रकार की सजावटी कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।

मुजफ्फरनगर में शहर की हृदय स्थली कहे जाने वाले शिव चौक पर कांवड़ यात्रा का नजारा कुछ और ही देखने को मिलता है। जहां सजी-धजी कांवड़ को देखने के लिए शहरवासियों का हुजूम उमड़ता है। इसी बीच कांवड़ के साथ निकले ढाई फीट के हनुमान लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बन गए हैं।

मुजफ्फरनगर में शुक्रवार की देर शाम हजारों लोगों की निगाह एक ऐसी कांवड़ पर पड़ी, जिसके साथ चल रहे ट्रैक्टर पर एक ढाई फीट का हनुमान स्वरूप व्यक्ति बैठा था। काफी देर तक भीड़-भाड़ में लोग इस हनुमान को देखते रहे। कुछ देर बाद यह ढाई फीट का हनुमान ट्रैक्टर से उतरा और शिव चौक पर नाचने लगा। श्रद्धा में डूबे लोग इस ढाई फिट के हनुमान के साथ खुद भी झूमने लगे।

 

नन्हे हनुमान के साथ चल रहे एक कांवड़िया नितिन शर्मा ने बताया कि वह तीन दिन पहले हरिद्वार से चले थे और नोएडा जाएंगे। इसी के साथ में झूमते गाते भगवान की भक्ति में लीन होकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने खुद बताया कि इस हनुमान की लंबाई मात्र ढाई फीट है। कुछ भी हो मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर ढाई फीट का यह हनुमान लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *