वाराणसी। महिला टी-20 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत की कामना को लेकर रविवार को काशी के पौराणिक दशाश्वमेध घाट पर विशेष प्रार्थना और मां गंगा की आरती का आयोजन किया गया। गंगा स्वच्छता के प्रति जनजागरण अभियान चलाने वाले नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से भारतीय टीम की विजय का आशीर्वाद मांगा।

इस अवसर पर स्वयंसेवक भारत माता की तस्वीर, क्रिकेट किट, बैट और बॉल के साथ राष्ट्रध्वज लेकर घाट पहुंचे। गंगा तट पर शंखनाद कर भारतीय महिला टीम की सफलता और पाकिस्तान पर जीत की कामना की गई। ‘‘भारत माता की जय’’, ‘‘चक दे इंडिया’’ और ‘‘जीतेगा भाई जीतेगा, हिंदुस्तान जीतेगा’’ जैसे गगनभेदी नारों से घाट परिसर देशभक्ति के उत्साह से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम में माताओं, बहनों, युवाओं और बुजुर्गों ने भागीदारी करते हुए भारतीय टीम के लिए सामूहिक प्रार्थना की। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विश्व मंच पर देश का गौरव बढ़ाएगी।
अभियान में शामिल नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि क्रिकेट देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा खेल है और भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम विजय पथ पर आगे बढ़े, इसके लिए मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद की कामना की गई है।
उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ लोगों की उम्मीदें भारतीय महिला क्रिकेट टीम से जुड़ी हैं और सभी को विश्वास है कि टीम अपने प्रदर्शन से राष्ट्र को गौरवान्वित करेगी।
कार्यक्रम में सारिका गुप्ता, शंकर द्विवेदी, हनुमान प्रसाद और कन्हैया तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

