बिहार से आलू बेचकर लौट रहे युवक पर फायरिंग, बलिया में बाइक सवारों ने जांघ में मारी गोली

बिहार से आलू बेचकर लौट रहे युवक पर फायरिंग, बलिया में बाइक सवारों ने जांघ में मारी गोली

बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के माझी पुल के पास शुक्रवार की रात बिहार में आलू बेचकर ट्रैक्टर से लौट रहे एक युवक पर बाइक सवार दो लोगों ने कथित रूप से फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पहले सीएचसी बैरिया ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब 10 बजे लीला छपरा थाना बैरिया निवासी बबलू कुमार गुप्ता अपने ड्राइवर रितेश यादव के साथ ट्रैक्टर से आलू बेचकर बिहार के एकमा से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान माझी पुल के पास बाइक सवार दो व्यक्ति पहुंचे। आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। गोली बबलू के बाएं जांघ में लगी।

घायल बबलू को तत्काल सीएचसी बैरिया पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। घटना की जानकारी घायल युवक के भाई सुशील कुमार गुप्ता ने चौकी चांद दियर पर दी। पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर रितेश यादव ने आरोपियों की पहचान अरुण यादव पुत्र राजनाथ यादव और संदीप यादव पुत्र रमाशंकर यादव, निवासी चांद दियर, थाना बैरिया के रूप में की है। क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *