‘बालासाहेब की सौगंध, मर जाऊंगा लेकिन आत्मसमर्पण नहीं करूंगा’…ED के एक्शन पर अटैकिंग हुए संजय राउत

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में शिवसेना के नेता एवं सांसद संजय राउत के मुंबई स्थित आवास पर रविवार को छापा मारा। ईडी के एक्शन पर संजय राउत के अटैकिंग तेवर देखने को मिले। संजय राउत ने ईडी की छापेमारी के बीच एक के बाद एक कई ट्वीट किए।  राउत ने ट्वीट किया, ‘‘मैं दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की सौगंध खाता हूं कि मेरा किसी घोटाले से कोई संबंध नहीं है।” उन्होंने लिखा, ‘‘ महाराष्ट्र और शिवसेना लड़ते रहेंगे, झूठी कार्रवाई, झूठे सबूत…मैं शिवसेना नहीं छोड़ूंगा..मैं मर भी जाऊं, मैं आत्मसमर्पण नहीं करूंगा…मेरा किसी घोटाले से कोई लेना-देना नहीं है”।

वहीं ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि इससे पहले,राउत के खिलाफ कई समन जारी किए थे, उन्हें 27 जुलाई को भी तलब किया गया था लेकिन वे पेश नहीं हुए। ईडी ने कहा कि राउत अधिकारियों के साथ सहयोग नहीं कर रहे हैं। इसी बीच राउत के घर के बाहर उनके समर्थकों की भीड़ जुट गई। राउत ने घर की खिड़की से समर्थकों का हाथ हिलाकर धन्यवाद किया।

राउत को मुंबई के एक ‘चॉल’ के पुनर्विकास और उनकी पत्नी एवं अन्य ‘सहयोगियों’ की संलिप्तता वाले लेन-देन में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में पूछताछ के लिए ईडी ने तलब किया था। ईडी के अधिकारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मियों के साथ रविवार सुबह सात बजे राउत के आवास पहुंचे और छापेमारी शुरू की। वहीं, राउत ने कुछ भी गलत करने से इनकार किया है और आरोप लगाया है कि उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध के लिए निशाना बनाया जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *