बाराबंकी में दर्दनाक हादसा, शादी के दिन तेज रफ्तार टैंकर ने ली युवक की जान, युवती गंभीर रूप से घायल

बाराबंकी में दर्दनाक हादसा, शादी के दिन तेज रफ्तार टैंकर ने ली युवक की जान, युवती गंभीर रूप से घायल

बाराबंकी। जिस दिन युवती की बारात घर आने वाली थी, उसी दिन उसकी जिंदगी ने ऐसा दर्दनाक मोड़ ले लिया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। चार दिन पहले अपने जीजा के साथ घर से भागी युवती बुधवार सुबह अपने घर लौट रही थी। रास्ते में लखनऊ–बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में जीजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती की आज ही बारात आनी थी।

यह हादसा बुधवार सुबह करीब आठ बजे उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर के आगे संजय सेतु के पास हुआ। मृतक की पहचान अनिकेत कुमार (20) निवासी थाना फखरपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। घायल युवती संतोषी वर्मा (20) उसकी चचेरी साली बताई जा रही है। अनिकेत और संतोषी के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था। इसी बीच संतोषी की शादी कहीं और तय कर दी गई थी और बुधवार को उसकी बारात आने वाली थी। शादी से चार दिन पहले दोनों घर छोड़कर भाग गए थे, जिसके बाद फखरपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।

बताया जाता है कि दोनों रामनगर क्षेत्र के बड़नपुर गांव में अनिकेत के बड़े भाई मस्तराम के घर पहुंचे थे। यहां परिजनों ने दोनों को समझाया और आश्वासन दिया कि यदि दोनों परिवार राजी होंगे तो थाने में कानूनी प्रक्रिया के तहत शादी करा दी जाएगी। परिजनों की बात मानकर दोनों बुधवार सुबह बाइक से बहराइच लौटने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहराइच की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई और उसके परखच्चे उड़ गए। अनिकेत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि संतोषी गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई। दोनों ओर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राहगीरों की सूचना पर पीआरवी-112, एंबुलेंस और रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवती को सीएचसी रामनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक के बड़े भाई मस्तराम ने बताया कि उन्होंने दोनों को समझाकर वापस घर भेजा था ताकि दोनों परिवारों की मौजूदगी में आगे का फैसला हो सके, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

अतिरिक्त थाना प्रभारी सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि दुर्घटना में शामिल टैंकर और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। टैंकर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस चालक की तलाश के साथ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

एक ही दिन में खुशियां मातम में बदलीं

जिस घर में बुधवार को शहनाई गूंजने की तैयारी थी, वहीं कुछ घंटों बाद चीख-पुकार और मातम छा गया। शादी के दिन ही प्रेमी जीजा की मौत और दुल्हन बनी युवती के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। यह दर्दनाक हादसा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *