बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की थाना दोघट पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी गौकशी के मामले में फरार चल रहा था।

पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को थाना दोघट क्षेत्र के गांव फोलादनगर में प्रतिबंधित पशु कटान की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। मौके से पशु अवशेष बरामद हुए थे, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी मामले में वांछित एक आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

गुरुवार देर रात को मुखबिर की सूचना पर दोघट पुलिस ग्राम मिलाना जंगल क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया और उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राशिद पुत्र इमरान निवासी ग्राम फोलादनगर, थाना दोघट के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसपी बागपत सूरज कुमार राय का कहना है कि गौकशी के एक मामले में आरोपी फरार चल रहा था । उस पर 25000 का इनाम था। गुरुवार रात्रि में मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपी पहले ही गिरफ्तार किये जा चुके हैं।

