बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद पुलिस लाइन में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व श्रद्धा, भक्तिभाव और हर्षोल्लास के बीच भव्य रूप से मनाया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजे इस आयोजन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों, न्यायिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा पुलिस परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस., जिलाधिकारी अमित आसेरी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अल्पना, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सहित समस्त क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों और पुलिस परिवार के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की। इस दौरान उपस्थित पुलिस परिवार को जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं भी दी गईं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों और बालिकाओं की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। बालिकाओं ने नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। देर रात चली शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस दौरान नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली बालिकाओं की प्रतिभा, उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन की वरिष्ठ अधिकारियों एवं अतिथियों ने सराहना की। प्रतिभागी बालिकाओं को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अतिथियों और पुलिस परिवार के सदस्यों ने आयोजन से जुड़े पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।
धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और पारिवारिक सौहार्द के सुंदर संगम के रूप में पुलिस लाइन बांदा का श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उक्त जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने शनिवार को दी।

