बहराइच में हाईवे किनारे खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

बहराइच में हाईवे किनारे खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के रिसिया थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब लखीमपुर नेशनल हाईवे पर रिसिया मोड़ के पास खड़े एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आग लगने की भनक लगते ही ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से छलांग लगा दी, जिससे वह सुरक्षित बच निकला। इसी दौरान हाईवे से गुजर रहे राहगीरों की नजर आग की लपटों पर पड़ी। सूचना मिलते ही आसपास के दर्जनों लोग मौके पर जुट गए और अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की। इसके साथ ही घटना की जानकारी तुरंत रिसिया पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का ज्यादातर हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। राहत की बात यह रही कि इस पूरे हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

रिसिया थाना प्रभारी करुणाकर पाण्डेय ने बताया कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई है। उन्होंने बताया कि ट्रक में आग किस वजह से लगी, इसका अभी स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल शॉर्ट सर्किट को भी एक संभावित वजह के तौर पर देखा जा रहा है। घटना के बाद देर रात तक मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को सामान्य बनाया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *