बहराइच में मंगलसूत्र लूट का 24 घंटे में खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश के पैर में लगी गोली; साथी फरार

बहराइच में मंगलसूत्र लूट का 24 घंटे में खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश के पैर में लगी गोली; साथी फरार

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मटेरा थाना क्षेत्र में महिला से झपट्टा मारकर मंगलसूत्र लूटने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और थाना मटेरा पुलिस की संयुक्त टीम की गुरुवार अलसुबह बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें कॉम्बिंग कर रही हैं।

ज्ञात हो कि एक सितंबर को गंगोत्री पत्नी सुरेंद्र निवासी सुआगाड़ा, थाना कोतवाली लखीमपुर, अपने फूफा के घर जंगलीनाथ से वापस लौट रही थीं। गुलालपुरवा टोल प्लाजा से पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर थाना मटेरा में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन टीमों का गठन किया था।

बुधवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो बदमाश चोरी की बाइक लेकर मटेरा-शंकरपुर नानपारा मार्ग पर बिलवा नहर मोड़ की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया।

घायल बदमाश की पहचान फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब पुत्र मुग्गर निवासी अगपुरवा शेख दहीर, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए सीएचसी रिसिया भेजा गया। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित का आधा दर्जन से अधिक मुकदमों का आपराधिक इतिहास है और वह कई मामलों में वांछित भी रहा है। आरोपित के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, चोरी की होंडा साइन मोटरसाइकिल (UP32GW4289) और पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि बरामद मंगलसूत्र चैन स्नैचिंग की घटना से संबंधित है।

मुठभेड़ के दौरान आरोपित का साथी असलम मोटरसाइकिल (UP40BF6651) से नानपारा की ओर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही क्षेत्र में कॉम्बिंग कर रही हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *