बहराइच में पहली बार रातभर चली एस्ट्रो पिकनिक, 200 से ज्यादा बच्चों ने टेलीस्कोप से देखे चांद-तारे और शनि के छल्ले

बहराइच में पहली बार रातभर चली एस्ट्रो पिकनिक, 200 से ज्यादा बच्चों ने टेलीस्कोप से देखे चांद-तारे और शनि के छल्ले

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में किताबों में पढ़े अंतरिक्ष के रहस्यों को अपनी आंखों से देखने का रोमांच मंगलवार रात बहराइच के बच्चों के लिए यादगार बन गया। हैप्पी हार्ट्स पब्लिक स्कूल में पहली बार रातभर चलने वाली एस्ट्रो पिकनिक-2026 का आयोजन किया गया। इसमें 15 से अधिक स्कूलों के 200 से ज्यादा बच्चों ने हिस्सा लिया। रातभर चले इस अनूठे आयोजन में स्कूल परिसर को मिनी अंतरिक्ष केंद्र के रूप में तैयार किया गया था। बच्चों ने टेलीस्कोप के जरिए चांद, ग्रहों और तारों को करीब से देखा और अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियां समझीं।

मारवाड़ी युवा मंच और बाल पत्रिका ‘बाल पंख 2.0’ की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित एस्ट्रो पिकनिक में उत्तराखंड से आई एस्ट्रोवर्स की टीम और इसरो से प्रशिक्षित शिक्षकों ने बच्चों को खगोलीय गतिविधियों की जानकारी दी। करीब 10 टेलीस्कोप की मदद से बच्चों को खगोलीय नजारे दिखाए गए। कैंप में लूनर ऑब्जर्वेशन, सोलर ऑब्जर्वेशन, स्टार गेजिंग, उल्का वर्षा और हाइड्रो रॉकेट जैसी गतिविधियां कराई गईं।

बच्चों ने प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांतों को समझा और अंतरिक्ष से जुड़े सवालों के जवाब हासिल किए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने भी बच्चों के साथ टेलीस्कोप से खगोलीय नजारे देखे। उन्होंने शनि ग्रह के छल्लों और चंद्रयान-03 के लैंडिंग स्थल शिव शक्ति पॉइंट को देखने का अनुभव लिया।

डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने कहा कि बहराइच ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में बच्चों के लिए इस तरह का पहला रातभर चलने वाला एस्ट्रो कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को इसरो प्रमाणित प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

आयोजन मंडल की सदस्य और बाल पंख पत्रिका की संपादक श्रुति माहेश्वरी ने बताया कि इस आयोजन की प्रेरणा उन्हें अपने बच्चों के सवालों से मिली। अक्सर बच्चे अंतरिक्ष और विज्ञान से जुड़े सवाल पूछते हैं। इसी सोच के साथ ऐसा मंच तैयार किया गया, जहां बच्चे किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर प्रयोगों के माध्यम से सीख सकें। इसका उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना, उनकी जिज्ञासाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *