बहराइच में नशीली दवाओं पर बड़ा एक्शन: मेडिकल स्टोर पर छापा, 2,349 कोडीन सिरप और 12,145 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद

बहराइच में नशीली दवाओं पर बड़ा एक्शन: मेडिकल स्टोर पर छापा, 2,349 कोडीन सिरप और 12,145 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद

बहराइच। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने रूपईडीहा कस्बे के एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान 2,349 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप, 12,145 ट्रामाडोल कैप्सूल समेत आठ प्रकार की नियंत्रित एवं नशीली दवाएं जब्त की हैं। बरामद कफ सिरप का कुल वजन 2 क्विंटल 34 किलो 900 ग्राम है। मौके से स्टोर संचालक आदित्य कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह, औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण तथा प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा रमेश रावत के नेतृत्व में की गई। सोमवार शाम औषधि प्रशासन और थाना रूपईडीहा पुलिस की संयुक्त टीम स्टेशन रोड स्थित आदर्श आयुर्वेदिक औषधि स्टोर पर पहुंची। जांच के दौरान स्टोर में बिना वैध लाइसेंस के आठ बोरियों में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप और अन्य प्रतिबन्धित दवाएं रखी मिलीं। टीम ने पूरा स्टॉक सीज कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दवाओं के संबंध में कोई वैध अभिलेख या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद थाना रूपईडीहा में आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डी पी तिवारी ने बताया कि आदर्श आयुर्वेदिक मेडिकल स्टोर से नशीली दवाइयों की बड़ी खेप बरामद की गई है। जिसमें करीब 2349 कोडीन युक्त कफ सीरप और 12145 ट्रामाडोल कैप्सूल सहित आठ नियंत्रित दवाएं बरामद हुई हैं। संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच जारी रहेगी और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *