बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी मोहम्मद साजिद मंसूरी (45) पुत्र साबिर अली मोतीपुर थाना क्षेत्र के मेहींपुरवा कस्बे से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बहादुरपुरवा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साजिद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल साजिद को उपचार के लिए नानपारा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नानपारा कोतवाल गुरुसेन सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिवार की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ वाहन व चालक की तलाश में जुटी है।

