बहराइच में चेन स्नैचिंग के इनामी बदमाश का एनकाउंटर! 25 हजार का इनाम था घोषित, पैर में लगी गोली; तमंचा-बाइक बरामद

बहराइच में चेन स्नैचिंग के इनामी बदमाश का एनकाउंटर! 25 हजार का इनाम था घोषित, पैर में लगी गोली; तमंचा-बाइक बरामद

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में चेन स्नैचिंग की वारदात के बाद मटेरा में हुई मुठभेड़ से फरार 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को पुलिस ने गुरुवार देर रात नानपारा क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से चोरी की बाइक, दो मोबाइल, तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद हुआ है।

मटेरा थाना क्षेत्र में एक सितंबर को गुलालपुरवा टोल प्लाजा के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला का मंगलसूत्र लूट लिया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमें गठित की थीं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बदमाशों की पहचान कर ली थी।

इसी क्रम में 2 सितंबर की रात स्वाट टीम और मटेरा पुलिस की संयुक्त टीम ने फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसका साथी असलम उर्फ साहिल उर्फ सुहैल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार देर रात स्वाट टीम और नानपारा पुलिस को सूचना मिली कि असलम चोरी की बाइक से नानपारा-रुपईडीहा मार्ग की ओर जा रहा है। निबिया नहर पुलिया के पास पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा।

पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए सीएचसी नानपारा भेजा। उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल, 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया । आरोपी के खिलाफ छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह कई मामलों में वांछित था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *