बलरामपुर में चंदन लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर में चंदन लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर । जनपद के हर्रैया थाना क्षेत्र अंतर्गत चौधरीडीह गांव में एसएसबी की 09वीं वाहिनी और वन विभाग बनकटवा रेंज की संयुक्त टीम ने सोमवार की रात को चंदन की लकड़ी के तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने मौके से 8 बोटा चंदन की लकड़ी, एक कार और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

एसएसबी अधिकारियों मंगलवार को बताया कि बीओपी गंदेला नाका को सूचना मिली थी कि चौधरीडीह क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 10 किलोमीटर भीतर चंदन की लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना में एक लाल रंग की एक कार के माध्यम से लकड़ी ले जाए जाने की जानकारी दी गई । सूचना मिलते ही सोमवार की शाम एसएसबी ने वन विभाग बनकटवा के साथ संयुक्त टीम गठित कर नाकाबंदी कर दी।

रात्रि में सिरसिया की ओर से एक लाल रंग की रेनॉल्ट लॉजी कार आती दिखाई दी, जिसके आगे एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति चल रहे थे। टीम ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे। हालांकि संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपितों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान कार से 8 बोटा चंदन की लकड़ी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी लकड़ी के कटान और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने लकड़ी और दोनों वाहनों को जब्त कर आरोपितों को हिरासत में ले लिया।

वन विभाग के अनुसार रात्रि अधिक होने के कारण लकड़ी की नाप-तौल एवं अन्य औपचारिकताएं अगले दिन आज मंगलवार को पूरी की गईं। मामले में भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों ने टीम

के पूछताछ में अपना नाम कानपुर नगर के शिवराजपुर निवासी सुशील पांडेय, कानपुर का सत्येंद्र सिंह और कन्नौज निवासी महेश बताया है।

वन विभाग और एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में वन संपदा की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी है तथा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *