फुटबॉल के मैदान पर हिंसा में मृतकों की संख्या 174 हुई, 180 से अधिक घायल

जकार्ताः इंडोनेशिया में शनिवार को एक फुटबॉल मैच के दौरान हुई हिंसा में कम से कम 174 लोग मारे गए हैं जबकि अभी तक 180 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। घटना पूर्वी जावा के मलंग रीजेंसी के कंजुरुहान स्टेडियम में हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक अरेमा एफसी और पर्सेबाया सुरबाया के बीच मैच चल रहा था। इस बीच अरेमा की टीम हार गई जिसके बाद अपनी टीम को हारता देख बड़ी संख्या में प्रशंसक मैदान की तरफ भागने लगे।

इस दौरान कुछ लोगों ने खिलाड़ियों पर हमला कर दिया। इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिसमें दिख रहा है कि लोग मैदान पर घुस आए और सुरक्षाकर्मियों पर चीजें फेंकना शुरू कर दिया। साथ ही पुलिस लोगों को काबू करने के लिए लाठीचार्ज कर रही है और आंसू गैस के गोले छोड़ रही है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लोगों की मौतें मारपीट, भगदड़ और दम घुटने से हुई हैं। वहीं स्टेडियम में मारे गए लोगों में दो पुलिस अधिकारी भी हैं। इस घटना में घायल हुए लगभग 180 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पूर्वी जावा के पुलिस अधिकारी निको अफिंटा ने मीडिया को बताया कि स्टेडियम के अंदर 34 लोगों की मौत हुई और बाकी की अस्पताल में मौत हुई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *