फिरोजाबाद में लूट का 24 घंटे में खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार

फिरोजाबाद में लूट का 24 घंटे में खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना खैरगढ़ पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर बुधवार को दंपत्ति से लूट, छिनैती करने वाले दाे शातिर लुटेरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल एक अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

सीओ शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने बताया कि रविन्द्र कुमार पुत्र सौदान सिंह अपनी ससुराल गाँव नगला पिपरानी थाना नसीरपुर से अपनी पत्नी कुशमा देवी के साथ 23 जून को सुबह मोटर साइकिल से अपने गाँव भकारि जा रहे थे। जैसे ही वह सांती-हाथवन्त रोड़ पर ग्राम कनवारा के पास पहुँचे तो एक मोटर साइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने रविन्द्र कुमार की पत्नी से झपट्टा मारकर उनके कान का टॉप्स छीन लिया। सूचना पर तत्काल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि प्रभारी निरीक्षक थाना खैरगढ़ प्रेम सिंह पुलिस टीम के साथ बुधवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित अभियुक्त थाना क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर जब पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो सांखिनी मोड़ पर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में अपना नाम देवेन्द्र उर्फ करुआ पुत्र बबलू निवासी छारबाग ए. के.टॉकीज के पास थाना लाइनपार बताया। वहीं दूसरे अभियुक्त ने अपना नाम विशाल पुत्र कालीचरन निवासी मोहम्मदपुर थाना टूण्डला बताया। अभियुक्तों के कब्जे से पीड़ित की पत्नी के कान का 01 टॉप्स, 02 अवैध तमंचे 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस 315 बोर, 01 खोखा कारतूस 315 बोर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल रंग काली बरामद हुई है।

सीओ ने बताया कि घायल अभियुक्त देवेन्द्र उर्फ करुआ को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार अभियुक्तगणों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *