फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना नगला खंगर पुलिस टीम ने बुधवार देर रात्रि महिला की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या के आरोपित जेठ को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि 2 अक्टूबर को थाना नगला खंगर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कोरारी खेड़ा में सोनी पत्नी संदीप सोनी के जेठ नेपाल सिंह ने खेतों पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ बुधवार देर रात्रि भदान चौराहा के पास चैकिंग कर रहे थे। तभी एक संदिग्ध मोटर साइकिल दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा रोकने पर मोटरसाइकिल सवार ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किये। पुलिस टीम द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ कार्यवाही में अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान वांछित 25,000 रुपये के इनामिया अभियुक्त नेपाल सिंह पुत्र जगदीश निवासी कोरारी खेड़ा थाना नगला खंगर जनपद फिरोजाबाद के रुप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा, 02 खोखा, 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर एवं 01 स्पलेंडर मोटर साइकिल एवं 560 रुपये बरामद हुए हैं।
एएसपी ने बताया कि अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है। गिरफ्तारशुदा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

