फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में थाना अमृतपुर क्षेत्र में गांव पिथनापुर कोटियापुर नामकरण संस्कार के समय शुक्रवार की रात हुई हर्ष फायरिंग में टेंट मालिक सहित दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का मेडिकल परीक्षण राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया है।

कोटियापुर निवासी घायल टेंट मालिक वीरेंद्र ने शनिवार को बताया कि गांव के ही एक परिवार में 10 दिन पहले बेटे का जन्म हुआ था। शुक्रवार रात बच्चे के नामकरण संस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। समारोह में शामिल होने के लिए टेंट की व्यवस्था भी की गई थी और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

इसी दौरान किसी ने हर्ष फायरिंग की और टेंट मालिक वीरेंद्र व गांव निवासी मुकेश (२५) घायल हो गए। घायल टेंट मालिक के अनुसार, रात करीब 11 बजे वह कार्यक्रम में खाना खा रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली उसके हाथ में जा लगी, जिससे वह और गांव निवासी मुकेश (२५) भी घायल हो गया। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान तमंचे से दो राउंड फायरिंग की गई थी। फायरिंग के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

