फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज में कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर रविवार सुबह नाली में 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के चेहरे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ भेज दिया है।

कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक की पहचान कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के घसिया चिलौली गांव निवासी प्रमोद कुमार कोरी (40) पुत्र सोनपाल कोरी के रूप में हुई है। परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि मृतक शनिवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच घर से निकला था। इसके बाद वह देर रात तक वापस नहीं लौटा। उसके ना लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

रविवार सुबह प्रमोद के छोटे भाई प्रदीप कुमार को कोतवाली के सामने नाली में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान प्रमोद के रूप में की। शव के पास चप्पल भी पड़ी मिली। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने से घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
मृतक के भाई प्रदीप ने बताया कि गांव-मोहल्ले में एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर प्रमोद वहां गए थे। परिजनों को लगा कि वह अंतिम संस्कार में शामिल होने घाट की ओर गए होंगे। देर रात तक घर ना लौटने पर उनकी तलाश की गई थी। भाई की मौत से भाभी रंजना, मां मुन्नी देवी और बेटियों अनामिका व साक्षी का रो-रोकर बेहाल हैं। परिवार में शोक का माहौल है।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा

