प्रेम विवाह को लेकर हुुए विवाद में एक युवक की हत्या, एक अन्य गंभीर

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी में प्रेम विवाह को लेकर हुए विवाद के चलते एक लड़के को गंभीर रूप से घायल करने के साथ उसके ममेरे भाई की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने वधू पक्ष के 8 लोगों को आज गिरफ्तार कर लिया है।
बड़वानी के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपरेखा यादव ने बताया कि 19 वर्षीय आदित्य उर्फ राज सोलंकी निवासी राजपुर की हत्या तथा शादी करने वाले युवक लखन निरगुडे को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में वधू पक्ष के 8 लोगों को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। वीडियो फुटेज के आधार पर कुछ अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बड़वानी के पनवाड़ी मोहल्ले निवासी एक युवक और युवती ने भागकर प्रेम विवाह कर लिया था। इस दौरान युवती के परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी कायम की गई थी। युवती को एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने पर उसने अपने पति लखन के साथ जाने की इच्छा व्यक्त की थी और विवाद नहीं बढ़े इसलिए एहतियात के तौर पर उन्हें रिश्तेदारों के यहां राजपुर भेज दिया गया था।
लखन के बड़े भाई की तबीयत बिगड़ने पर वह कल अपने ममेरे भाई आदित्य के साथ बड़वानी आया था। जब वह कल रात्रि अपने मोहल्ले में वधू पक्ष के घर के सामने से निकला, तभी विवाद हो गया और वधू पक्ष ने लड़की वापस देने की मांग को लेकर उन पर बेसबॉल के बैट, चाकू और कांच की बोतलों से हमला कर दिया। हमले में आदित्य की मृत्यु हो गई, जबकि लखन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। वहां से उसे एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
घटना के बाद वर पक्ष ने कल देर रात कोतवाली थाने के समक्ष हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कल दोपहर लखन और उसके भाई के साथ वधू पक्ष ने मारपीट एवं लूट की घटना की थी। लेकिन आवेदन दिए जाने के बावजूद पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया, जिसके चलते रात को मामला बढ़ गया और गंभीर घटना घट गई। उन्होंने पोस्टमार्टम के लिए शव को भी सौंपने से इंकार कर दिया था। बाद में उन्हें समझाइश दी गई और आज शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
बड़वानी के प्रभारी पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापत ने बताया कि एहतियात के तौर पर वर-वधू को अन्य स्थान पर जाने की सलाह दी गयी थी, लेकिन लड़का लखन फिर से बड़वानी आ गया और विवाद हो गया। उन्होंने कहा कि पुलिस में शिकायत के बावजूद कदम नहीं उठाने के मामले की जांच कराई जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *