प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के गांजा गांव में शुक्रवार को निजी ट्यूबवेल चलाते समय करंट लगने से किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि नगर के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के गांजा गांव निवासी संदीप सिंह (29) खेती करके एक बेटी और एक बेटा एवं पत्नी नीता सहित पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। संदीप सिंह शुक्रवार को खेत में लगे अपने निजी ट्यूबवेल को चलाने के लिए सुबह गया और करंट की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी होते ही परिजन उसे नजदीक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


