प्रदेश के एक दर्जन जिले कोरोना की चपेट में, गुडग़ांव में मिल रहे हैं सबसे अधिक कोरोना संक्रमित

प्रदेश के एक दर्जन जिले कोरोना की चपेट में, गुडग़ांव में मिल रहे हैं सबसे अधिक कोरोना संक्रमित

गुडग़ांव। प्रदेश में कोरोना का प्रकोप दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। देश की राजधानी दिल्ली में भी कोरोना संक्रमित मरीजों का मिलना जारी है। हरियाणा के 22 जिलों में से करीब 10 जिलों में कोरोना संक्रमित प्रतिदिन मिल रहे हैं। गुडग़ांव में अन्य जिलों की अपेक्षा अधिक संक्रमित मिल रहे हैं और यह क्रम बढ़ता ही जा रहा है। गुडग़ांव में कोरोना संक्रमित 300 का आंकड़ा पार कर गए हैं। हालांकि कोरोना से स्वस्थ होने वालों की संख्या भी अच्छी-खासी है। प्रदेश सरकार ने कोरोना जांच बढ़ाने के निर्देश भी स्वास्थ्य विभाग को जारी किए हैं। कोरोना का प्रकोप कहीं स्कूली छात्रों में न फैल जाए इसका भी ध्यान रखने का आग्रह जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से किया गया है। गुडग़ांव और फरीदाबाद के अलावा सोनीपत, करनाल, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, जींद, रेवाड़ी व रोहतक जिलों में कोरोना के मामले आ रहे हैं। कोरोना के मामलों की वृद्धि दर दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। हालांकि प्रदेश सरकार ने कोरोना से प्रभावित जिलों में फेस मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है। लेकिन लापरवाह लोग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। सामाजिक दूरी का पालन करना तो वे पहले से ही भूले हुए हैं। जिला प्रशासन लोगों से आग्रह कर रहा है कि वे फेस मास्क का इस्तेमाल अवश्य करें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्यवाही कर उनके चालान काटे जाएंगे। जिला प्रशासन ने निजी व राजकीय स्कूलों की प्रबंधनों को भी आदेश दिए हैं कि वे कोरोना से बचाव के लिए जारी सभी दिशा-निर्देशों का छात्रों से पालन कराएं। उनके बैग व कक्षों को सैनिटाईज कराने की व्यवस्था भी करें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *